POLITICS

PUBG वाले प्यार ने करवाया बॉर्डर पार, बिना वीजा पाकिस्तान से भारत पहुंची महिला, 4 बच्चों को भी लाई साथ

ग्रेटर नोएडा से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। पाकिस्तान की रहने वाली महिला पर प्यार का ऐसा भूत सवार हुआ कि वह अपने चार बच्चों के साथ भारत आ पहुंची। फिलहाल पुलिस ने उसे और उसके चारों बच्चों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, भारत के शख्स से महिला की मुलाकात पबजी खेलते हुए हुई थी।

मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, महिला नेपाल के रास्ते भारत पहुंची थी। वह ग्रेटर नोएडा में अवैध तरीके से रह रही थी। पुलिस ने पाकिस्तानी महिला और उसके चार बच्चों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि पबजी (PUBG) गेम के जरिए ग्रेटर नोएडा के एक शख्स से उसकी मुलाकात हुई थी और उसने ही महिला को अपने किराये के घर में रखा था।

इस मामले में पुलिस अधिकारी का कहना है कि करीब 28-29 साल की पाकिस्तानी महिला और ग्रेटर नोएडा के रहने वाले शख्स ऑनलाइन गेम PUBG के कारण संपर्क में आए। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई। धीरे-धीरे इनकी दोस्ती इतनी गहरी हो गई कि महिला शख्स के लिए पाकिस्तान से भारत आ गई।

पुलिस का कहना है कि पुलिस ने ग्रेटर नोएडा के रहने वाले उस व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है जिसने कथित तौर पर पाकिस्तान की महिला और उसके बच्चों को अपने किराए के घर में रखा था। इस मामले में पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) साद मियां खान ने मीडिया को बताया कि पाकिस्तानी महिला और ग्रेटर नोएडा में रहने वाले शख्स को हिरासत में लिया गया है। महिला के चार बच्चे भी पुलिस हिरासत में हैं।

नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुई महिला

खान ने आगे कहा कि अभी दोनों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ खत्म होने के बाद आगे की जानकारी और तथ्य साझा किए जाएंगे। एक स्थानीय पुलिस अधिकारी के अनुसार, महिला कथित तौर पर उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने और बस से ग्रेटर नोएडा पहुंचने से पहले पिछले महीने नेपाल के रास्ते अपने बच्चों के साथ भारत में दाखिल हुई थी। अधिकारी ने दावा किया कि महिला और उसके बच्चे ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में रहने वाले व्यक्ति के किराए के मकान में रह रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
%d bloggers like this: