Delhi Flood: खाने की आस… लंबी कतारों में होता इंतजार, तस्वीरों में कैद रिलीफ कैंप का संघर्ष
दिल्ली में बाढ़ से हालात खस्ता चल रहे हैं। यमुना का जलस्तर जरूर खतरे के निशान से कुछ नीचे आ गया है, लेकिन जो पानी भर चुका है, उसके निकलने में काफी समय जाने वाला है। अभी भी आम लोगों का राजधानी में जीवन पटरी पर नहीं आ पाया है। निचले इलाकों में जो लोग रह रहे हैं, उनका संघर्ष तो अलग ही चल रहा है। रिलीफ कैंप से जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, वो ये बताने के लिए काफी हैं कि लोग परेशान है, बेबस हैं और अभी भी संघर्ष कर रहे हैं।
दिल्ली बाढ़ से परेशान लोगों की आपबीती
इंडियन एक्सप्रेस ने लोगों के उसी संघर्ष को समझने के लिए मयूर विहार में बने रिलीफ कैंप का दौरा किया। जिस खाने को लेकर आम लोग आश्वसत रहते हैं, वहां पर जा पता चला कि कई लोगों को वो भी मुश्किल से नसीब हो रहा है। उन्हें गर्मी में काफी देर तक लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। जो तस्वीरें सामने कैमरे में कैद हुई हैं, उनमें लोगों के चेहरे पर मायूसी साफ देखने को मिल रही हैं। दिन हो या रात, लोग बस कतार में खड़े होकर इंतजार कर रहे हैं।
कुछ जगहों से तो ऐसी भी खबरें आई थीं कि लोग लेट हो गए तो उन्हें खाना नहीं मिल पाया। उस वजह से रिलीफ कैंप के बाहर ही जमकर बवाल भी देखने को मिला था। खैर कुछ शिकायतों के बद उस स्थिति को जमीन पर दुरुस्त कर लिया गया और अब धीरे-धीरे स्थिति को सामान्य करने पर जोर दिया जा रहा है।
मयूर विहार में बने रिलीफ कैंप की ये तस्वीरें देखें-




अभी के लिए दिल्ली बाढ़ पर एक तरफ लोगों का संघर्ष जारी है तो वहीं दूसरी तरफ सियासत भी चरम पर चल रही है। दिल्ली सरकार बीजेपी पर हमलावर है तो दूसरी तरफ बीजेपी केजरीवाल को फेल बता रही है। इस सियासत में पिस वो आम आदमी रहा है जिसने अपने घर भी खो दिया है और वो बिना काम किसी रिलीफ कैंप में बैठ जिंदगी सामान्य होने का इंतजार कर रहा है।