Bharat Jodo Yatra का दूसरा चरण जल्द होगा शुरू, इस बार गुजरात से मेघालय के बीच होगी पदयात्रा
कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण की जल्द शुरुआत करने वाले हैं। इस बार राहुल गांधी अपनी पदयात्रा की शुरुआत गुजरात से करेंगे। कांग्रेस पार्टी के महाराष्ट्र चीफ नाना पटोले द्वारा दी गई संक्षिप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इस बार गुजरात से मेघालय के बीच आयोजित की जाएगी।
अगले महीने हो सकती है शुरुआत – कई मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से जानकारी दी गई है कि राहुल गांधी की पदयात्रा का दूसरा चरण सितंबर महीने में शुरू हो सकता है। यात्रा के पहले चरण में कांग्रेस का उद्देश्य जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ना, उनकी चिंताओं को समझना और 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए समर्थन जुटाना था। यात्रा के पहले चरण के दौरान राहुल गांधी ने 150 दिनों से अधिक समय तक 14 राज्यों की पैदल यात्रा की।
राहुल गांधी बुधवार को बांसवाड़ा में रैली करेंगे
राहुल गांधी बुधवार को विश्व आदिवासी दिवस पर राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के मानगढ़ धाम में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे। लोकसभा सदस्यता के बहाल होने के बाद यह राहुल गांधी की पहली सार्वजनिक सभा होगी और इस साल के अंत में होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के अभियान की शुरुआत भी होगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी ने मंगलवार को बताया कि गांधी बुधवार को बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली में आदिवासियों समेत बड़ी संख्या में लोग हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार को बांसवाड़ा पहुंचेंगे। मानगढ़ धाम आदिवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान है। यह स्थान मध्य प्रदेश के भी करीब है, जहां इस साल के अंत में राजस्थान के साथ विधानसभा चुनाव होंगे।