सीढ़ी लगाकर गुंबद तक पहुंची ASI टीम, हिंदू पक्ष ने भी कर दिया बड़ा दावा, जानिए ज्ञानवापी सर्वे में तीसरे दिन क्या हुआ
उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित ज्ञानवापी परिसर में सर्वे का आज तीसरा दिन था। एएसआई की टीम ने तीसरे दिन भी सर्वे जारी रखा और गुंबद तक का सर्वे हुआ। सर्वे की टीम सीढ़ियों के जरिए गुंबद पर चढ़ी और सर्वे किया गया। वहीं मुस्लिम पक्ष ने सर्वे को लेकर लीक हो रही खबरों को लेकर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने धमकी दी है कि अगर आगे भी ऐसा होता रहा तो वे सर्वे का हिस्सा नहीं होंगे।
हिंदू पक्ष की याचिकाकर्ता रेखा पाठक ने बताया कि उनके वकील को ही मस्जिद के अंदर जाने की इजाजत है और महिलाओं को इजाजत नहीं दी गई है। उन्होंने आगे बताया कि सर्वे के लिए वीडियोग्राफी और मैपिंग की गई है। हालांकि इसके अंदर उन्हें क्या मिला इसको लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं आई है।
सावन में मिलेगी खुशखबरी: हिंदू पक्ष के वकील
सर्वे के बीच हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने दावा किया है कि सावन में ही शिवभक्तों को खुशखबरी मिलेगी। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन के अंदर ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार आने वाला है और इसके बाद सब कुछ साफ हो जाएगा।
मुस्लिम पक्ष ने दी चेतावनी
वहीं ज्ञानवापी मस्जिद की रखरखावकर्ता अंजुमन इंतजामिया मस्जिद कमेटी के सचिव सैयद मोहम्मद यासीन ने कहा कि जिस तरह की बेबुनियाद बातें मीडिया में फैलाई जा रही है, अगर उन्हें नहीं रोका गया तो मुस्लिम पक्ष सर्वे का बहिष्कार करेगा। उन्होंने कहा कि शनिवार को सर्वे के दौरान एक वर्ग ने अफवाह फैलाई कि मस्जिद के अंदर तहखाने में मूर्तियां, त्रिशूल और कलश मिले हैं। इससे मुस्लिम समाज आहत हैं और इस पर रोक नहीं लगी तो हम सर्वे का बहिष्कार करेंगे।
हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने सर्वे खत्म होने के बाद कहा कि हम अपने दावे के नजदीक पहुंच गए हैं। ASI की टीम अपना काम कर रही है। हालांकि हम अभी कुछ नहीं बोलेंगे और सभी चीजें रिपोर्ट में शामिल होंगी। वहीं सर्वे को लेकर हिंदू पक्ष के वकील सुभाष चंदन चतुर्वेदी ने भी कहा है कि यह सही दिशा में जा रहा है।