Azamgarh By Election: उंगलियों पर जातिवार वोट गिना बोले राजभर
आजमगढ़ से बसपा ने शाह आलम उर्फ़ गुड्डू जमाली को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं भाजपा ने फिर भोजपुरी गायक दिनेश यादव निरहुआ पर ही दांव लगाया है, जो 2019 के आम चुनाव में अखिलेश यादव से ढाई लाख से भी ज्यादा मतों से हार गए थे।
अक्सर अपनी बयानबाजी को लेकर सुर्खियों में रहने वाले सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव को लेकर उंगलियों पर जातिवार वोट गिना दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा का वोट ही कहां है। इसके साथ ही उन्होंने बसपा पर भी निशाना साधा।
राजभर ने कहा कि बीजेपी झूठ बोलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ऐसी पार्टी है कि खाता न वही, जो भाजपा वाले कहें वही सही। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कहां वोट है। आजमगढ़ लोकसभा में जातीय गणित के आधार पर नंबर एक पर यादव है, नंबर दो पर मुसलमान है, नंबर तीन पर चमार है और नंबर चार पर राजभर है। जातिगत आंकड़े बताते हैं कि सपा गठबंधन जीत रहा है। साथ ही सपा को हर जाति को वोट मिल रहा है। भाजपा-बसपा दूसरे स्थान के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नचनियां हो उम्मीदवार बनाकर लाई है।
धर्मेंद्र यादव आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के कैंडिडेट हैं। यहां पर उन्हें बीजेपी प्रत्याशी भोजपुरी गायक दिनेश यादव निरहुआ से कड़ी टक्कर मिल रही है।
उत्तर प्रदेश में सबकी निगाहें आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा की सीटों के उपचुनाव पर टिकी हैं। आजमगढ़ सीट से अखिलेश यादव और रामपुर सीट से आजम खान ने इस्तीफा दिया था। दोनों अब यूपी विधानसभा के सदस्य हैं। चूंकि दोनों सीटें सपा की थीं इसलिए समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया अखिलेश यादव की सियासत के लिए इन्हें बेहद अहम माना जा रहा है। इसे अखिलेश और आजम खान की अग्निपरीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। यहां 23 जून को वोटिंग होनी है, इसके बाद भी अखिलेश यादव अभी तक इन सीटों पर चुनाव प्रचार करने नहीं पहुंचे हैं।
आजमगढ़ से बसपा ने शाह आलम उर्फ़ गुड्डू जमाली को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं भाजपा ने आजमगढ़ में फिर भोजपुरी गायक दिनेश यादव निरहुआ पर ही दांव लगाया है, जो 2019 के आम चुनाव में अखिलेश यादव से ढाई लाख से भी ज्यादा मतों से हार गए थे।
बसपा ने रामपुर सीट पर अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है। रामपुर में मोहम्मद आजम खान की पसंद के सपा उम्मीदवार आसिम रजा मैदान में हैं। रामपुर में भाजपा ने घनश्याम लोधी को उम्मीदवार बनाया है। रामपुर की सीट जीतने के लिए बीजेपी हाईकमान ने अपने 16 मंत्रियों को चुनाव प्रचार में उतारा है। वहीं रामपुर आजम खान का गढ़ माना जाता है।