महाराष्ट्र में बेकाबू हुआ कोरोना:एक दिन में सबसे ज्यादा 25,833 नए मरीज पिछले 24 घंटे में मिले, मुंबई-पुणे समेत 9 जिलों में नाइट कर्फ्यू
- Hindi News
- Local
- Maharashtra
- Night Curfew Update; Mumbai Pune (Maharashtra) Coronavirus Cases Update | Thane Nashik Aurangabad Jalgaon Nanded Amravati
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
मुंबई15 दिन पहले
- कॉपी लिंक
महाराष्ट्र में कोरोना ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। जब से कोरोना महामारी फैली है तब से अब तक एक दिन में सबसे ज्यादा 25833 मरीज पिछले 24 घंटे में मिले हैं। मुंबई में भी कोरोना संक्रमित मिलने का आंकड़ा अपने ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया। यहां पिछले 24 घंटे में 2877 संक्रमित मिले। मुंबई के अलावा पुणे, ठाणे, नासिक, औरंगाबाद, जलगांव, नांदेड़, अमरावती और लातूर में भी हालात बेकाबू होने लगे हैं। सरकार ने इन नौ जिलों में नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है जबकि नागपुर में 15 से 21 मार्च तक टोटल लॉकडाउन है।
मुंबई में एंटीजन टेस्ट निगेटिव आने के बाद ही मॉल में एंट्री मिलेगी
मुंबई में अब मॉल में एंट्री से पहले कोरोना निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी या फिर गेट पर ही रैपिड एंटीजन टेस्ट किया जाएगा। इसकी व्यवस्था के लिए BMC ने सभी मॉल प्रबंधन को 22 मार्च तक का समय दिया है।
हेमा मालिनी ने कहा- मुझे यकीन है, सरकार स्थिति को नियंत्रित करेगी
महाराष्ट्र में कोरोना की स्थिति पर भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि मुझे लगता है कि टीकाकरण शुरू होने के बाद लोग अधिक लापरवाह हो गए हैं। लोगों को लगता है कि वे अब बिना मास्क के घूम सकते हैं लेकिन उन्हें इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि कोरोना अभी भी है। मुझे यकीन है कि सरकार स्थिति को नियंत्रित करेगी।
जिलावार अब तक मिले कोरोना के केस।
इन 9 जिलों में सबसे अधिक एक्टिव केस
जिला | एक्टिव केस |
पुणे | 35,539 |
नागपुर | 24,209 |
मुम्बई | 17,153 |
ठाणे | 15,548 |
नासिक | 11,037 |
औरंगाबाद | 10,340 |
जलगांव | 4,448 |
नांदेड़ | 4,738 |
अकोला | 3,853 |
डेथ रेट में महाराष्ट्र देश में दूसरे नंबर पर
17 मार्च तक राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की डेथ रेट 2.26% है। वहीं, देश में यह आंकड़ा 1.39% है। इसके अलावा महाराष्ट्र से ज्यादा डेथ रेट पंजाब में 3.05% है। वहीं, सबसे कम महाराष्ट्र से सटे दादर और नागर हवेली में 0.06% है।
पिछले 24 घंटे में 25,833 मरीज मिले
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 25,833 नए संक्रमित मिले। देश में कोरोना महामारी आने से लेकर अब तक का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। एक दिन में इतने मरीज किसी भी राज्य में नहीं मिले हैं। इससे पहले महाराष्ट्र में 11 सितंबर को 24,886 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई थी। यहां गुरुवार को 25,833 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 12,174 मरीज ठीक हुए और 58 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 23.96 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 21.75 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 53,138 संक्रमितों ने जान गंवाई है। अभी 1.66 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।