POLITICS

दिल्ली नगर निगम AAP का:अब BJP से मेयर की लड़ाई; 9वें नंबर पर उतरे रोहित की फिफ्टी बेकार गई

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Narendra Modi Arvind Kejriwal AAP Party, Gujarat Himachal Pradesh Election Result

एक घंटा पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

नमस्कार,

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली नगर निगम (MCD) के चुनाव में बहुमत हासिल कर लिया। 250 सीटों वाले MCD में आम आदमी पार्टी को 134 सीटें मिली, जो बहुमत से 8 ज्यादा हैं। वहीं भाजपा को 104, कांग्रेस को 9 और 3 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत हुई।

इधर, BJP अभी भी मेयर पद की लड़ाई में है। भाजपा के IT सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने ट्वीट कर कहा, ‘अब दिल्ली का मेयर चुनने की बारी है। यह देखना होगा कि किसका पलड़ा भारी रहता है। अब पार्षद तय करेंगे कि उनका मेयर कौन होगा।’ मालवीय ने उदाहरण देते हुए बताया कि पार्षदों की संख्या कम होने के बावजूद चंडीगढ़ में भाजपा का मेयर है।

उधर, वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने भारत को 5 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 271 रन बनाए। इसके जवाब में टीम इंडिया 9 विकेट पर 266 रन ही बना पाई। कप्तान रोहित शर्मा ने 9वें नंबर पर आकर नाबाद 51 रनों की पारी खेली लेकिन उनकी फिफ्टी भी बेकार गई।

रोहित शर्मा बांग्लादेशी पारी के 9वें ओवर में शार्दूल ठाकुर की बॉल पर स्लिप में लिटन दास का कैच लेते समय चोटिल हो गए। उनके अंगूठे में चोट लगी। इसके चलते वे ओपन नहीं कर पाए, लेकिन मजबूरी में उन्हें 9वें नंबर पर उतरना पड़ा। यह भारत की बांग्लादेश में वनडे सीरीज में लगातार दूसरी सीरीज हार है। इससे पहले 2015 में बांग्लादेश ने भारत को वनडे सीरीज में 2-1 से हराया था।

आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. गुजरात और हिमाचल विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे।
  2. सुप्रीम कोर्ट में जल्लीकट्टू के खिलाफ दाखिल याचिका पर जिरह होगी।
  3. दिल्ली सरकार और उपराज्यपाल के बीच अधिकारों को लेकर SC में सुनवाई।

5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी…

1. 15 साल बाद MCD से भाजपा आउट, मुस्लिम आबादी वाले इलाकों में हारी AAP

दिल्ली नगर निगम (MCD) में पिछले 15 साल से काबिज भाजपा का पत्ता साफ हो गया। बहुमत के बावजूद AAP को मुस्लिम आबादी वाले इलाकों में हार मिली है। दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष और विधायक अमानतुल्लाह खान के विधानसभा क्षेत्र ओखला में AAP पांच में से एक वार्ड ही जीत पाई। कांग्रेस और BJP को दो-दो वार्ड में जीत मिली है। इसी इलाके में शाहीन बाग आता है, जहां CAA-NRC के खिलाफ आंदोलन चला था।

दिल्ली दंगों के आरोपी पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन के वार्ड नेहरू विहार में आम आदमी पार्टी तीसरे नंबर पर रही। दंगों के बाद ताहिर को पार्टी से निकाल दिया गया था। फरवरी 2020 में CAA के खिलाफ आंदोलन के दौरान दंगे भड़क गए थे। दंगे में 53 लोगों की मौत हो गई थी। हिंसा का सबसे ज्यादा असर शिव विहार, मुस्तफाबाद, सीलमपुर, भजनपुरा, विजय पार्क, यमुना विहार और मौजपुर में था। यहां AAP बुरी तरह हारी है। इसी तरह सीलमपुर में निर्दलीय उम्मीदवार हज्जन शकीला ने जीत दर्ज की।
पढ़ें पूरी खबर…

आतिशी, निर्मला या शालिनी बन सकती हैं दिल्ली की मेय

2. हाईकोर्ट के जज ने पूछा- रिजर्वेशन से नौकरी में आए थे क्या? तुम्हारे नाम से ही समझ गए थे
सोशल मीडिया पर पटना हाईकोर्ट का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें जस्टिस संदीप कुमार एक सरकारी कर्मचारी से यह पूछते हुए दिख रहे हैं कि भारती जी रिजर्वेशन पर आए थे नौकरी में क्या? इस पर कर्मचारी ने हां में जवाब दिया। इसके बाद जस्टिस कुमार उन्हें जाने के लिए कहते हैं। कर्मचारी के जाते ही जस्टिस यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि समझ गए थे नाम से ही।

इसके बाद कोर्ट में मौजूद एक वकील हंसते हुए ये कहते हैं कि आप तो हुजूर समझ गए। आगे वो कहते हैं कि दो नौकरी के बराबर हुजूर हो गया होगा। इस बीच जज टोकते हैं कि नहीं-नहीं कुछ नहीं होता है इन लोगों का। बेचारा जो पैसा कमाया होगा, खत्म भी हो गया होगा। हालांकि वीडियो से स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि ये किस मामले से जुड़ा वीडियो है? या इसकी सुनवाई कब हुई थी?
पढ़ें पूरी खबर…

3. मुंबई में कर्नाटक की बसों पर कालिख पोती, सीमा विवाद पर मनसे का प्रदर्शन, अमित शाह से दखल देने की मांग

महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच सीमा विवाद हिंसक होता जा रहा है। नवी मुंबई में मनसे कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक की बसों पर ब्लैक पेंट स्प्रे कर विरोध किया। वहीं ​​​​​​सोलापुर में भी स्थानीय संगठनों ने कर्नाटक की बस पर कर्नाटक CM बोम्मई की फोटो लगाकर ब्लैक पेंट स्प्रे किया। इन घटनाओं के बाद महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम ने कर्नाटक के लिए बस सेवाएं रोक दी हैं।

उधर लोकसभा में NCP सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि पिछले 10 दिनों से महाराष्ट्र में एक मुद्दा चल रहा है। हमारे पड़ोसी राज्य कर्नाटक के CM नॉनसेंस बोल रहे हैं। वे महाराष्ट्र को अलग करने की बात कर रहे हैं। दोनों ही राज्य भाजपा शासित हैं। महाराष्ट्र के लोगों को कल कर्नाटक में जाने पर पीटा भी गया। यह एक देश है। मैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह करती हूं कि वे अब इस मुद्दे पर बोलें।
पढ़ें पूरी खबर…

4. RBI ने लगातार 5वीं बार ब्याज दरें बढ़ाईं, कार होम और पर्सनल लोन महंगे होंगे
भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI ने रेपो रेट 5.90% से बढ़कर 6.25% कर दिया। RBI के फैसले के बाद बैंक भी अपनी ब्याज दरें बढ़ा देंगे। अब होम लोन से लेकर ऑटो और पर्सनल लोन सब कुछ महंगा हो जाएगा और आपको ज्यादा EMI चुकानी होगी। इससे पहले भी सितंबर में ब्याज दरों को 5.40% से बढ़कर 5.90% किया गया था। लगातार 5वीं बार ब्याज दरें बढ़ाई गई हैं।

22 मई 2020 के बाद रेपो रेट में ये बदलाव हुआ था। इसके बाद 6 से 8 जून को हुई मीटिंग में रेपो रेट में 0.50% इजाफा किया। इससे रेपो रेट 4.40% से बढ़कर 4.90% हो गई। फिर अगस्त में इसे 0.50% बढ़ाया गया, जिससे ये 5.40% पर पहुंच गई। सितंबर में ब्याज दरें 5.90% हो गई। अब ब्याज दरें 6.25% पर पहुंच गई है।
पढ़ें पूरी खबर…

5. बांग्लादेश में लगातार दूसरी बार सीरीज हारा भारत, दूसरे वनडे में 5 रन से हारी टीम

वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने भारत को 5 रन से हरा दिया। बांग्लादेश की ओर से मेहदी हसन मिराज ने शतक जमाया जबकि महमूदुल्लाह ने 77 रन बनाए। भारत की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। जबकि उमरान मलिक और मोहम्मद सिराज को 2-2 सफलताएं मिलीं। आखिरी के 31 ओवर्स में भारतीय गेंदबाजों ने खराब गेंदबाजी की। वे विकेट गिराने में नाकाम रहे।

शुरुआती 19 ओवर के बाद बांग्लादेश ने 69 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि टीम 150 पर ही सिमट जाएगी। लेकिन, आखिरी के 31 ओवर्स में हमारे गेंदबाज एक ही विकेट गिरा सके और 202 रन खर्च कर दिए। वहीं, टीम इंडिया के ओपनर शिखर धवन और विराट कोहली फ्लॉप रहे। ये कुल मिलाकर 13 रन ही बना सके। विराट कोहली ने 5 और शिखर धवन ने 8 रन बनाए।
पढ़ें पूरी खबर…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. तेलंगाना भाजपा का आरोप- ड्रग्स लेते हैं KCR के बेटे: पार्टी अध्यक्ष की चुनौती- हिम्मत है तो KTR ब्लड टेस्ट कराएं (पढ़ें पूरी खबर)
  2. ‘दूसरे धर्म के व्यक्ति पर तिल बराबर भरोसा ना करें’: बागेश्वर ‘सरकार’ बोले-ऐसे लोगों से रिश्ता तो दूर की बात, हाथ जोड़ना भी गुनाह (पढ़ें पूरी खबर)
  3. IMDb ने जारी की पॉपुलर इंडियन सेलेब्स की लिस्ट: पहले पायदान पर रहे धनुष, सुपरस्टार यश, आलिया और सांमथा भी हैं लिस्ट में शामिल (पढ़ें पूरी खबर)
  4. ईरान में स्टूडेंट्स के खिलाफ साजिश: सरकार विरोधी प्रदर्शन के 24 घंटे पहले 1200 छात्र बीमार, पानी में जहर मिलाने का आरोप (पढ़ें पूरी खबर)
  5. यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की टाइम पर्सन ऑफ द इयर: मैगजीन ने ईरान की महिलाओं को हीरो ऑफ द इयर घोषित किया (पढ़ें पूरी खबर)

खबर लेकिन कुछ हटके…
जिसके रेप-मर्डर में युवक जेल काट रहा वह जिंदा मिली, 7 साल पहले लापता हुई थी

पुलिस ने युवती को कोर्ट में पेश कर बयान दर्ज कराए हैं।

पुलिस ने युवती को कोर्ट में पेश कर बयान दर्ज कराए हैं।

UP के अलीगढ़ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति को एक युवती के अपहरण, रेप और हत्या के मामले में 7 साल पहले जेल हुई। अब पता चला है कि लड़की जिंदा है। उसने शादी करके अपना नाम बदल लिया है। उसके दो बच्चे भी हैं। अलीगढ़ के एक गांव में 17 फरवरी 2015 को 10वीं में पढ़ने वाली किशोरी लापता हो गई थी। परिजन ने गांव में ही रहने वाले विष्णु पर अपहरण का आरोप लगाया। उसके खिलाफ केस दर्ज कराया था। इसके कुछ दिन बाद आगरा में एक किशोरी का शव मिला था। परिजन ने शव की शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की थी। इसके बाद विष्णु पर उसके अपहरण और रेप के बाद हत्या का आरोप लगा। फिर पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
पढ़ें पूरी खबर…

खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

फोटो जो खुद में खबर है…

यह तस्वीर बेंगलुरु की है। यहां आर्मी सर्विस कॉर्प्स सेंटर एंड कॉलेज (ASC) में 11वें रीयूनियन और 262वें कॉर्प्स डे से पहले एयरफोर्स की एरोबैटिक टीम ‘सारंग’ ने फुल ड्रेस रिहर्सल परफॉर्म किया। डिफेंस मिनिस्ट्री ने बताया कि इस सैन्य प्रदर्शन का आयोजन आर्म्ड फोर्सेस की क्षमता का प्रदर्शन करने और युवाओं को आर्म्ड फोर्सेस में शामिल होने को लेकर प्रेरित करने के लिए किया गया था। प्रदर्शन के दौरान एक पैराट्रूपर पेड़ की चोटी पर गिर गया। हालांकि वह घायल नहीं हुआ।

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
आज ही के दिन 1967 में इंडियन नेवी को पहली सबमरीन ‘कलवरी’ मिली थी। इसे सोवियत संघ के रीगा बंदरगाह पर नेवी शामिल किया गया था। सोवियत संघ का हिस्सा रहा रीगा अब लताविया की राजधानी है। जुलाई 1968 में “कलवरी” भारत के विशाखापत्तनम पहुंची। रीगा से विशाखापट्टनम पहुंचने में इस सबमरीन को तीन महीने लगे थे। इस दौरान इसने 30 हजार 500 किलोमीटर से ज्यादा का सफर किया।

नेवी में शामिल होने के चार साल बाद ही इस सबमरीन ने 1971 में भारत-पाकिस्तान के युद्ध में अपने जौहर दिखाए। इस जंग में 8-9 दिसंबर की रात भारतीय नौसेना ने कराची बंदरगाह तबाह कर दिया था। इसे ऑपरेशन ट्राइडेंट नाम दिया गया था। इस ऑपरेशन में इस सबमरीन की अहम भूमिका थी। 30 साल बाद 31 मई 1996 को इसे नेवी से रिटायर कर दिया गया।

बिजनेस के लिहाज से मेष राशि वालों का दिन अच्छा रहेगा। वृष राशि वालों को उपलब्धि मिल सकती है। आप भी जानिए अपना राशिफल

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

Back to top button
%d bloggers like this: